बक्सर में सफारी गाड़ी में गुप्त तहखाना बनाकर ले जा रहा था शराब

बक्सर जिले के चौसा चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार तस्कर की पहचान आशीष कुमार (पिता अभय कुमार), निवासी पटना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तस्कर बनारस से पटना की ओर सफारी गाड़ी से जा रहा था। जैसे ही वह चौसा चेकपोस्ट पर पहुंचा, उसने उत्पाद विभाग और पुलिस की टीम को देखकर गाड़ी तेज रफ्तार में भगाने की कोशिश की। हालांकि, सतर्क टीम ने उसे तुरंत रोक लिया।
गाड़ी की जब सघन जांच की गई तो उसमें अलग-अलग जगहों पर बने गुप्त तहखानों (हिडन कंपार्टमेंट) का खुलासा हुआ। इन तहखानों से अलग-अलग कंपनियों के कुल 757 पीस यानी 186.420 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
इतना ही नहीं, जांच के दौरान गाड़ी से अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद हुए, जिससे साफ है कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए लगातार नंबर बदलता था।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और इस पूरे शराब तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
https://www.facebook.com/share/v/1AxFksUNS8/




