
बक्सर:भाकपा माले (लिबरेशन) के 11वें जिला सम्मेलन की शुरुआत सोमवार को झंडोत्तोलन के साथ हुई। पार्टी के वेटरन नेता कॉम मनोहर जी ने झंडोत्तोलन किया। इसके बाद सम्मेलन में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी के शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित किए।
उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राज्य सचिव कॉम कुणाल, पोलित ब्यूरो सदस्य कॉम अमर जी, पर्यवेक्षक कॉम राजू यादव, जिला सचिव कॉम नवीन कुमार, वरिष्ठ सदस्य सह राज्य कमिटी सदस्य कॉम मनोहर जी और डुमरांव के पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए राज्य सचिव कॉम कुणाल ने कहा कि गरीबों, किसानों और मजदूरों के हक की लड़ाई को भाकपा माले मजबूती से आगे बढ़ाता रहेगा। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर चिंता जताते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और अस्थिरता का माहौल बना हुआ है, जिसका असर आम जनता पर पड़ रहा है। वहीं देश के अंदर भी आर्थिक और सामाजिक चुनौतियां बढ़ रही हैं।
पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह और अन्य वक्ताओं ने भूमि अधिग्रहण के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि विभिन्न परियोजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन कम कीमत पर अधिग्रहित की जा रही है। इससे किसानों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है और बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
सम्मेलन में जगन्नारायण शर्मा, हरेंद्र राम, ओम जी, राजदेव सिंह, वीरेंद्र यादव, अखिलेश ठाकुर, अंकित सिद्धार्थ, जितेंद्र राम, ऊषा देवी, रामदेव सिंह, कन्हैया महतो, कन्हैया राम, संजय शर्मा, सर्वेश पांडे, शिवजी राम, संध्या पाल, बीर बहादुर पासवान सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे।




