
बक्सर. जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘ब्लड बक्सर’ की ओर से तीन अक्टूबर, शनिवार को मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा. यह शिविर स्मृति शेष अमित मानसिंहका जी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है.
शिविर का आयोजन बक्सर स्थित जयनारायण गोयल स्मृति भवन (गोयल धर्मशाला) में सुबह 10 बजे से किया जाएगा. कार्यक्रम का आयोजन बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन, बक्सर के सहयोग से किया जा रहा है. आयोजकों ने इस वर्ष के रक्तदान शिविर को व्यापक बनाने की तैयारी की है और जिले के रक्तवीरों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है.
आयोजकों ने बताया कि दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और ऑपरेशन जैसी परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है. ऐसे समय में रक्तदाताओं का योगदान किसी जरूरतमंद मरीज की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है. रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है.

‘ब्यूटीफुल लाइफ ओनली ऑन डोनेटिंग’ के संस्थापक प्रियेश रंजन एवं सदस्य सुमित मानसिंहका ने संयुक्त रूप से जिले के सभी इच्छुक रक्तवीरों से शिविर में शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग आगे आकर रक्तदान करें और इस सामाजिक अभियान को सफल बनाएं.
रजिस्ट्रेशन के लिए करें संपर्क
रक्तदान शिविर में शामिल होने के इच्छुक लोग रजिस्ट्रेशन अथवा अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8804433322 पर संपर्क कर सकते हैं. आयोजकों ने आम लोगों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं से शिविर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है.



