BlogOthers

चौगाई के मुरार गांव में भव्य पंडाल में विराजेंगी मां दुर्गा

1960 से लगातार हो रही मां जगदंबा की प्रतिमा स्थापित, गांव के युवा अपने हाथों से तैयार कर रहे आकर्षक पंडाल

बक्सर. शारदीय नवरात्र को लेकर चौगाई प्रखंड के मुरार गांव स्थित पंचमुखी चौक पर दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, पंचमुखी चौक मुरार की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य पूजा समारोह का आयोजन किया जा रहा है. पूजा को लेकर पंडाल निर्माण समेत अन्य तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं.

गांव के युवा तैयार कर रहे पंडाल

मुरार गांव की दुर्गा पूजा की खासियत यह है कि यहां पंडाल निर्माण के लिए बाहर से कारीगर नहीं बुलाये जाते हैं. गांव के युवा अपने श्रम और हुनर से हर वर्ष आकर्षक पंडाल तैयार करते हैं. इस वर्ष भी युवाओं की टोली पूरी मेहनत और उत्साह के साथ पंडाल निर्माण में जुटी है. पंडाल के अंदर मां दुर्गा के साथ अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी. पूजा स्थल और आसपास के क्षेत्र को रंग-बिरंगी आधुनिक लाइटों से सजाया जायेगा.

12 फीट ऊंची होगी मां दुर्गा की प्रतिमा

पूजा समिति के अनुसार इस वर्ष मां दुर्गा की करीब 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जायेगी. प्रतिमा का निर्माण रोहतास जिले के नोखा से आये मूर्तिकार मनोज कुमार द्वारा किया जा रहा है. आयोजन में करीब तीन से चार लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. पंडाल निर्माण में करीब 180 बांस, 50 किलो कपड़े की रस्सी, 25 मन बीट, 15 किलो कांटी और प्लाई का इस्तेमाल किया जा रहा है. पंडाल की लंबाई करीब 40 फीट होगी.

1960 से चली आ रही पूजा की परंपरा

समिति के सदस्यों के अनुसार मुरार गांव में वर्ष 1960 से लगातार मां जगदंबा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की जा रही है. छह दशक से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा अब गांव की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है. हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना करते हैं.

सुरक्षा और सुविधा की भी रहेगी व्यवस्था

पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समिति और ग्रामीणों की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है. असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए वॉलिंटियर तैनात किये जायेंगे. वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाये जायेंगे, ताकि भीड़ को व्यवस्थित रखा जा सके.

दुर्गा पूजा को लेकर गांव में अभी से उत्साह का माहौल है. समिति के सदस्य और ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं.

समिति के पदाधिकारी

अध्यक्ष कमलेश पाण्डेय, सचिव चंदन लाल और कोषाध्यक्ष रामजी समेत समिति के अन्य सदस्य पूजा की तैयारियों में जुटे हैं.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!