CrimeOthers

बक्सर में 6 लाख लूटकांड का बड़ा खुलासा, दोस्त ही निकला गद्दार! बकरा व्यवसायी की हर गतिविधि अपराधियों तक पहुंचाता रहा “सिपाही”

बक्सर। नया भोजपुर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी के समीप बकरा व्यवसायी से हुई छह लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि पीड़ित के करीबी परिचित ने ही पूरी वारदात की साजिश रची थी और अपराधियों को सूचना देकर लूट की घटना को अंजाम दिलाया।

पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता बड़का सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। वहीं, फरार तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार डुमरांव के चिकटोली निवासी राजा कुरैशी बकरा खरीद-बिक्री और मटन दुकान का व्यवसाय करते हैं। आगामी कुर्बानी पर्व को लेकर वह बकरों की खरीदारी करने बक्सर आए थे। बताया गया कि उन्होंने दो दिन पहले ही छह लाख रुपये उधार लिए थे।

राजा कुरैशी अपने परिचित जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही के साथ बक्सर पहुंचे, जहां चार बकरों का सौदा भी तय हुआ, लेकिन कीमत पर सहमति नहीं बनने के कारण खरीदारी नहीं हो सकी। इसके बाद दोनों वापस लौटने लगे।

इसी दौरान जियाउल इस्लाम ने रास्ते में कुछ अपराधियों को सूचना दे दी कि राजा कुरैशी के पास भारी मात्रा में नकदी मौजूद है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने लाइनर की भूमिका निभाते हुए पूरी लोकेशन और गतिविधि की जानकारी अपराधियों तक पहुंचाई।

बताया गया कि जब राजा कुरैशी नया भोजपुर सब्जी मंडी के पास एक समोसे की दुकान पर बैठे थे, तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और हथियार के बल पर उनसे छह लाख रुपये लूट लिए। वारदात के दौरान जियाउल इस्लाम आसपास रहकर पूरी गतिविधि पर नजर बनाए हुए था। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी ब्रह्मपुर की ओर फरार हो गए, जहां आपस में रुपये का बंटवारा किया गया।

घटना के बाद राजा कुरैशी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पूछताछ के दौरान उनके बयान लगातार बदलते रहे। इसी विरोधाभास के आधार पर पुलिस को मामले में अंदरूनी साजिश का शक हुआ। गहराई से जांच और पूछताछ के बाद पूरा मामला सामने आ गया।

एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में सीआई अरविंद कुमार, नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को गिरफ्तार कर शेष लूटी गई रकम और हथियार भी बरामद कर लिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!