

बक्सर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत शनिवार को संयुक्त कार्रवाई में आरपीएफ और जीआरपी को बड़ी सफलता मिली। संयुक्त टीम ने बक्सर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 02 से एक शातिर अपराधी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के मगरांव निवासी मुन्ना मुसहर के पुत्र महावीर मुसहर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन तथा आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामान में दो सेट चांदी की पायल, एक आर्टिफिशियल नेकलेस और एक सेट आर्टिफिशियल ईयररिंग शामिल हैं।
आरपीएफ बक्सर पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार ने बताया कि स्टेशन परिसर में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। घेराबंदी कर तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी का सामान बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने यात्रियों के सामान की चोरी करना स्वीकार किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



