BlogOthers

श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह का निमंत्रण लेकर बक्सर पहुंचे अखिलेश प्रसाद सिंह

25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में होगा समारोह, बक्सर से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का आह्वान

बक्सर. पूर्व केंद्रीय मंत्री, बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को आधुनिक बिहार का निर्माता और बिहार के विकास का शिल्पकार बताया। वे बुधवार को बक्सर पहुंचे और आगामी 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में आयोजित होने वाले डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह में शामिल होने के लिए लोगों को निमंत्रण दिया।

डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि बक्सर से हर वर्ष बड़ी संख्या में डॉ. श्रीकृष्ण सिंह के विचारों और आदर्शों में विश्वास रखने वाले लोग जयंती समारोह में शामिल होते रहे हैं। इसी उद्देश्य से वे बक्सर में लोगों को कार्यक्रम का निमंत्रण देने पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू ने बिहार को आधुनिक राज्य के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। उनके कार्यकाल में उद्योगों की स्थापना से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने तक कई महत्वपूर्ण कार्य हुए। उनके सुशासन को देखते हुए देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने बिहार को ‘बेस्ट एडमिनिस्टर्ड स्टेट’ कहा था।

डॉ. सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर बिहार के विकास तक श्रीकृष्ण बाबू का योगदान अविस्मरणीय है। महात्मा गांधी से प्रभावित होकर वे स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल हुए और आजादी की लड़ाई के दौरान आठ वर्ष से अधिक समय तक जेल में रहे। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह सच्चे देशभक्त थे और आज की पीढ़ी को उनके आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने की जरूरत है।

उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण सिंह के कार्यकाल में जमींदारी प्रथा का उन्मूलन किया गया। इसके अलावा बरौनी रिफाइनरी, बरौनी खाद कारखाना, सिंदरी खाद कारखाना, बोकारो स्टील प्लांट, कोसी परियोजना समेत कई बड़े औद्योगिक और विकास कार्यों की आधारशिला रखी गयी। उनके समय में कई कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज भी स्थापित हुए।

कई नेताओं ने लोगों को दिया निमंत्रण

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के संयोजक प्रो. शशि भूषण पाण्डेय ने मंच संचालन किया। वहीं कार्यक्रम को लेकर लोगों को निमंत्रण देने वालों में पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, करगहर विधायक संतोष मिश्र, राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय, सूरज सिन्हा और पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडेय सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य अभिताभ शरण, गगन मिश्र, डॉ. देविका मिश्र, विमल कुमार सिंह, निधि पांडेय, कामेश्वर पांडेय, प्रमोद ओझा, त्रिलोकीनाथ मिश्र, नीलू मिश्र, गोपाल शर्मा, शशांक दूबे, विभोर द्विवेदी, संतोष पाण्डेय, शुभम तिवारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!