
बक्सर में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहां ब्यूटीफुल लाईफ ऑनली ऑन डोनेटिंग ब्लड (BLOOD) के नेतृत्व में नियमित रक्तदाता सागर वर्मा ने अपनी पुत्री मिस्टी वर्मा के दूसरे जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान शिविर सह जागरूकता अभियान का आयोजन किया।
यह शिविर सदर अस्पताल स्थित रक्त अधिकोष (ब्लड बैंक) में आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन समाजसेवी रामजी सिंह ने स्वयं रक्तदान कर किया। इस आयोजन में ब्लड बक्सर की टीम के सुमित मानसिंहका और प्रियेश सहित कई लोग उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान कुल 8 रक्तवीरों ने रक्तदान किया, जिनमें रामजी सिंह, सागर वर्मा, संजय पटवा, विष्णु कुमार, प्रीतम वर्मा समेत अन्य शामिल रहे।
रक्तदाता एवं समाजसेवी रामजी सिंह ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग रक्तदान करें, क्योंकि इसका कोई विकल्प नहीं है और यह सच्चे अर्थों में महादान है।
वहीं ब्लड बक्सर के संस्थापक प्रियेश ने बताया कि रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, हृदय रोग और कैंसर का खतरा कम होता है, साथ ही शरीर में आयरन संतुलित रहता है। रक्तदान के दौरान रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच भी की जाती है, जिसमें ब्लड प्रेशर, नाड़ी, तापमान और हीमोग्लोबिन शामिल है।
शिविर के अंत में इंद्रलोक वाणी के सौजन्य से रक्तदाताओं को मोमेंटो और ब्लड बक्सर की ओर से प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस सफल आयोजन में ब्लड बक्सर के नसीम नायक, आदिल खान, प्रभा रंजन, प्रविव रंजन, रवि शंकर शर्मा, कुमार गौरव, राजा बाबू तथा ब्लड बैंक के राजन कुमार, सुनील और मुकेश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




