
बक्सर. भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बेलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की कथित पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत के विरोध में सामाजिक कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। न्याय की मांग को लेकर रविवार की शाम कवलद पोखरा स्थित शहीद स्मारक से कैंडल मार्च निकाला गया।
अरविंद देवता पांडेय के नेतृत्व में शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया यह कैंडल मार्च शहीद भगत सिंह पार्क तक पहुंचा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
कैंडल मार्च में शामिल सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिलने का अधिकार है। उन्होंने संबंधित मामले की पारदर्शी जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर पंकज उपाध्याय, आशीष चौरसिया, जुनैद अंसारी, राहुल चौबे, श्रीधर तिवारी, अमरेश कुमार, मोहित कुमार, नीलू मिश्र, विनोद सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण ढंग से न्याय की मांग उठाई गई।




