
बक्सर. नवानगर क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य राजीव कुमार ने जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त (डीडीसी) को पत्र भेजकर 6 जून को आयोजित होने वाली जिला परिषद की सामान्य बैठक में आत्मदाह करने की चेतावनी दी है. इस संबंध में उन्होंने लिखित सूचना भी प्रशासन को दे दी है.
राजीव कुमार ने आरोप लगाया है कि पिछले लगभग छह माह से 15वीं वित्त आयोग एवं षष्ठम वित्त आयोग की योजनाओं के तहत उनके क्षेत्र समेत जिले में कराये गये विभागीय विकास कार्यों का भुगतान लंबित है. उन्होंने कहा कि इन मदों की करीब 75 करोड़ रुपये की राशि खर्च नहीं हो पाने के कारण जिले में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और कई योजनाएं अधर में लटकी हुई हैं.
उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने से जनहित से जुड़े कई कार्य बाधित हैं, जिसका सीधा असर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर पड़ रहा है. राजीव कुमार का आरोप है कि जिला परिषद के संबंधित कर्मचारी एवं पदाधिकारी की कार्यशैली के कारण विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है.

जिला परिषद सदस्य ने कहा कि इस मुद्दे को कई बार प्रशासनिक स्तर पर उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्वीकृति एवं भुगतान की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है, जिससे जनप्रतिनिधियों और आम लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लंबित भुगतान एवं विकास कार्यों से जुड़े मामलों का समाधान नहीं किया गया तो वह 6 जून को होने वाली जिला परिषद की सामान्य बैठक में आत्मदाह करेंगे. इस चेतावनी के बाद जिला परिषद की बैठक को लेकर प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गयी है. अब सभी की नजरें 6 जून की बैठक पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जिला परिषद सदस्य की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है.




