CrimeOthers

मठिला गांव में नहर से अज्ञात युवक का शव बरामद, इलाके में सनसनी

कोरानसराय थाना क्षेत्र की घटना, शव की पहचान अब तक नहीं; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

बक्सर जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब बधार स्थित नहर के पईन में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीण जब नहर की ओर गए तो पानी में एक शव दिखाई पड़ा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोरानसराय थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया।

प्रथम दृष्टया मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। युवक के शरीर पर लाल रंग का टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पैंट पाया गया है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि यह करीब एक दिन पुराना हो सकता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया है। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या—तीनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

इस घटना के बाद इलाके में भय और चर्चाओं का माहौल है। ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, वहीं पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच में जुटी है ताकि जल्द से जल्द इस रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!