Crime

देवढ़िया गांव के दो लोगों की कैमूर में भीषण सड़क हादसे में मौत

बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवढ़िया गांव निवासी दो व्यक्तियों की सीमावर्ती कैमूर जिले में बुधवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामकलपुर पुल के समीप की बताई जा रही है, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतकों की पहचान देवढ़िया गांव निवासी जगनारायण सिंह और धर्मराज राम के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बुधवार सुबह बाइक से रोहतास जिले के परसथुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रामकलपुर नहर पुल के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति उछलकर पास की सूखी नहर में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार और बाइक भी सड़क से नीचे जा गिरे।

घटना के कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर नहर में पड़े शवों पर पड़ी, जिसके बाद कुढ़नी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। प्रारंभ में पहचान नहीं हो पाने के कारण करीब तीन घंटे तक असमंजस की स्थिति बनी रही, लेकिन बाद में शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचना दी गई।

जैसे ही यह दुखद खबर गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!