

बक्सर जिले के सिकरौल थाना क्षेत्र के बसाव कला गांव में शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया।
स्कूल पढ़ने जा रहे दो मासूम बच्चों को तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने कुचल दिया। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, राजेंद्र कुमार सिंह के 7 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार उर्फ बुलबुल और मिथलेश पाल के 8 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार पाल मध्य विद्यालय बसाव कला पढ़ने जा रहे थे। बच्चे ठाकुरपुर–बसाव कला के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया गया।
मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में सिकरौल थाना अध्यक्ष अंकुश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है



