
बक्सर। जिले के मुरार थाना क्षेत्र के बैदा गांव में रविवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह के बीच एक बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क किनारे खड़े दो मासूम बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब आठ बजे हुआ। डुमरांव से चौगाईं की ओर मिट्टी लादकर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बैदा गांव के पास अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े दो बच्चों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसवट गांव निवासी 12 वर्षीय आनंद शर्मा तथा अरियांव निवासी 6 वर्षीय आरडी शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरडी शर्मा अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है

परिजनों के अनुसार दोनों बच्चे अपने मामा दुर्गेश शर्मा की शादी में शामिल होने ननिहाल आए थे। घर में शादी की रौनक और मेहमानों की चहल-पहल जारी थी, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि खुशियों का यह माहौल कुछ ही पलों में चीख-पुकार और मातम में बदल जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय दोनों बच्चे घर के पास सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक उनकी ओर बढ़ा और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रैक्टर दोनों बच्चों को कुचलते हुए आगे निकल गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि चालक की पहचान की जा रही है तथा जल्द ही उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद बैदा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब सिर्फ परिजनों की सिसकियां और आंसू रह गए हैं।




