युवा कांग्रेस नेता शुभम तिवारी को जान से मारने की धमकी, आवास पर कई राउंड फायरिंग
धमकी भरे फोन के बाद धोबी घाट स्थित घर पर चलीं गोलियां, परिवार में दहशत; पुलिस से सुरक्षा और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग

बक्सर। शहर के धोबी घाट इलाके में युवा कांग्रेस नेता, व्यवसायी एवं समाजसेवी शुभम तिवारी को जान से मारने की धमकी देने और उनके आवास पर कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, शुभम तिवारी के परिवार के लोग दहशत में हैं। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक एवं जिला प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई कर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
शुभम तिवारी के अनुसार, बुधवार की रात करीब नौ बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम सनी वर्मा बताते हुए कथित तौर पर उन्हें स्वागत रेस्टोरेंट के मालिक से दूर रहने की चेतावनी दी। आरोप है कि फोन करने वाले ने दो घंटे के अंदर जान से मारने की धमकी देते हुए पांच से छह महीने जेल काटने की बात भी कही। धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की जानकारी भी उन्होंने पुलिस को दी है।
पीड़ित का आरोप है कि फोन पर धमकी मिलने के बाद धोबी घाट स्थित उनके आवास पर कुछ अज्ञात लोगों ने कई राउंड फायरिंग की। इस घटना से परिवार के सदस्यों के बीच भय का माहौल कायम हो गया है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले स्वागत रेस्टोरेंट में पुलिस की ओर से जांच किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी। हालांकि, इस जांच और धमकी अथवा फायरिंग की घटना के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शुभम तिवारी ने अपने आवेदन में पूर्व की एक कानूनी कार्रवाई का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, राहुल पांडेय एवं यशवंत दीक्षित नामक व्यक्तियों के संबंध में आपराधिक गतिविधियों को लेकर सीजेएम न्यायालय में सनहा दर्ज कराया गया था, जिसका संख्या 2455/2026 है। उन्होंने इन व्यक्तियों के पूर्व आपराधिक मामलों और हाल में जेल से बाहर आने से संबंधित पहलुओं की भी जांच कराने की मांग की है।
शुभम तिवारी ने पुलिस प्रशासन से धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर फोन करने वाले की पहचान करने, आवास पर फायरिंग करने वाले लोगों को चिह्नित कर गिरफ्तार करने तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि धमकी और हिंसक घटनाओं के जरिए किसी को डराने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्हें कानून और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई करती है।




