
बक्सर. रोटरी क्लब बक्सर के 45वें इंस्टालेशन समारोह से पूर्व रविवार को नया बाजार स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अन्नू नारंग ने आगामी सत्र 2026-27 की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रोटरी क्लब स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पहले से अधिक व्यापक स्तर पर कार्य करेगा।
अन्नू नारंग ने बताया कि प्रताप सागर स्थित डायलिसिस सेंटर तथा डुमरांव के आई हॉस्पिटल की सेवाएं पूर्व की तरह जारी रहेंगी। इसके साथ ही बक्सरवासियों के लिए जल्द ही ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू की जाएगी, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने सिविल लाइन स्थित सहेली भवन में संचालित महिला प्रशिक्षण केंद्र की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र हर वर्ष सैकड़ों महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बना रहा है। आने वाले समय में इस केंद्र की गतिविधियों का भी विस्तार किया जाएगा।
रोटरी क्लब बक्सर के नव निर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन निर्मल कुमार ने कहा कि क्लब के सभी जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब रोटरी की गतिविधियां शहर तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों पर भी विशेष फोकस रहेगा। क्लब एक ग्रामीण विद्यालय को गोद लेकर उसके समग्र विकास के लिए कार्य करेगा। साथ ही प्रत्येक माह आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर गांवों में भी लगाए जाएंगे, जिससे अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 1 जुलाई 2026 से क्लब के प्रत्येक सदस्य के जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ पर एक पौधा लगाया जाएगा तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी संबंधित सदस्य निभाएगा।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन टी.एन. चौबे ने कहा कि रोटरी क्लब द्वारा संचालित आई हॉस्पिटल, महिला प्रशिक्षण केंद्र और डायलिसिस सेंटर में पुराने एवं खराब हो चुके उपकरणों को आधुनिक संसाधनों से बदला जाएगा। इसके अलावा जिले में एक और आई हॉस्पिटल स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में रोटेरियन प्रदीप जायसवाल, सचिव मनोज वर्मा, डॉ. दिलशाद आलम, मीना सिंह, सुनीता सिंह, राजकुमार सिंह, दीपक अग्रवाल, एस.एम. शाहिल, सौरव तिवारी, राजेश केशरी, मनीष पांडेय, मंजेश केसरी, आर. राघवन सहित रोटरी क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे।




