
बक्सर. शिक्षा व्यवस्था, कथित पेपर लीक और छात्र हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर बुधवार को बक्सर स्थित अंबेडकर कल्याण छात्रावास के छात्रों ने विरोध मार्च निकाला। छात्र नेता राजीव कुमार मेहरा के नेतृत्व में निकले मार्च में छात्रावास के बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।
मार्च अंबेडकर चौक से शुरू होकर ज्योति चौक होते हुए पुलिस चौकी तक पहुंचा। इस दौरान छात्रों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करो”, “नई शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 को रद्द करो” तथा “पेपर लीक से छात्रों की आत्महत्या की जवाबदेही तय करो” जैसे नारे लगाए। इसके अलावा “मोदी सरकार शर्म करो”, “आंदोलनकारी छात्र-युवाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाओ” और “बेहतर भविष्य के लिए छात्र-युवाओं का संघर्ष जिंदाबाद” के भी नारे लगाए।

छात्र नेता राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
मार्च में धनु कुमार, मिथुन कुमार, विशाल कुमार, दीपक कुमार, परमजीत कुमार समेत अंबेडकर कल्याण छात्रावास के अनेक छात्र शामिल रहे। विरोध मार्च शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।




