
बक्सर। बाइपास रोड स्थित ज़ी प्री स्कूल–किडज़ी, बक्सर में मंगलवार को डॉक्टर्स डे उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नंद किशोर सिंह तथा दंत चिकित्सक डॉ. वेद प्रकाश और डॉ. प्रिया राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
चिकित्सकों ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सकों ने बच्चों को सुबह और रात में नियमित रूप से ब्रश करने, प्रतिदिन स्नान करने, भोजन से पहले और शौचालय के बाद साबुन से हाथ धोने, नाखूनों की सफाई रखने तथा पौष्टिक एवं संतुलित भोजन करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने नियमित व्यायाम और “अर्ली टू बेड, अर्ली टू राइज” की आदत अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अच्छी स्वच्छता और स्वस्थ दिनचर्या ही निरोगी जीवन की मजबूत नींव है।
विद्यालय की शिक्षिकाओं ने बच्चों को समाज में डॉक्टरों की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि चिकित्सक अपने ज्ञान, समर्पण और सेवा भावना से लोगों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं, इसलिए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए।
कार्यक्रम का आकर्षण बच्चों द्वारा तैयार किए गए “थैंक यू डॉक्टर” थीम आधारित ग्रीटिंग कार्ड रहे। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए ये कार्ड अतिथि चिकित्सकों को भेंट किए, जिसकी सभी ने सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अतिथि चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, अनुशासन, कृतज्ञता एवं सामाजिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर बच्चों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा चिकित्सकों का सम्मान करने का संकल्प भी लिया।




