
बक्सर. बिहार सर्किल की चीफ पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने बक्सर पोस्टल डिवीजन के अंतर्गत गंगौली, आशा पांढुरी और सहियार शाखा डाकघर का दौरा किया. इसके बाद पंचायत सरकार भवन स्थित सहियार शाखा डाकघर में जिले के 45 शाखा डाकघरों के शाखा डाकपाल (बीपीएम) एवं सहायक शाखा डाकपाल (एबीपीएम) के साथ डाक व्यवसाय से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.
बैठक में डाक अधीक्षक सुनील कुमार, सहायक डाक अधीक्षक नवीन कुमार, डाक निरीक्षक डुमरांव रणजीत कुमार, सहायक डाक अधीक्षक मुख्यालय पुष्पेन्द्र कुमार, डाक निरीक्षक ग्राहक संतुष्टि आदित्य राज, मेल ओवरसीयर समेत अन्य कर्मी मौजूद थे.
समीक्षा बैठक में शाखा डाकघरों की कार्यप्रणाली और डाक सेवाओं में सुधार को लेकर कई निर्देश दिये गये. एक्सपेंस कवरेज रेशियो (ईसीआर) को न्यूनतम 50 प्रतिशत रखने, उपलब्ध संभावनाओं के अनुरूप कार्य करने तथा खर्च के अनुपात में आय बढ़ाने पर जोर दिया गया. स्थानीय जनसंख्या के आधार पर डाक सेवाओं का समुचित वितरण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.

बैठक में शिकायतों की संख्या न्यूनतम करने और बिक्री के बाद की सेवाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. आगामी 31 मार्च 2027 तक कम से कम 100 लोगों को पीएलआइ/आरपीएलआइ से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया. साथ ही डाक अधीक्षक को नियमित रूप से मासिक समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को अगले छह माह में पूरा करने का निर्देश दिया गया.
मेल वितरण की भी समीक्षा की गयी. मानक के अनुरूप मेल वितरण नहीं होने पर सुधार का निर्देश दिया गया. सभी शाखा डाकघरों में मेल को अनिवार्य रूप से दोपहर 12 बजे तक पहुंचाने को लेकर सख्त हिदायत दी गयी. बैठक में अधिकारियों ने शाखा डाकघरों के माध्यम से लोगों को बेहतर और समयबद्ध डाक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.



