शादी समारोह में बुलायी गई नर्तकी से सामूहिक दुष्कर्म, 48 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

बक्सर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में शादी समारोह में बुलायी गई 22 वर्षीय नर्तकी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर गांव निवासी शिवपूजन राजभर के घर शुक्रवार की रात बारात आई थी। बारात में मनोरंजन के लिए भोजपुर क्षेत्र से एक नर्तकी को बुलाया गया था। देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने नर्तकी को जबरन उठा लिया और गांव से बाहर एक सुनसान स्थान पर स्थित बोरिंग के पास ले गए। वहां आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
शनिवार की सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर अचेत अवस्था में पड़ी युवती पर पड़ी। इसके बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज के लिए बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ गौरव पांडे ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपियों की पहचान की गई और लगातार छापेमारी कर पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंटी राजभर, सलमान खान, सत्येंद्र कुमार, रामप्रताप राजभर उर्फ प्रेम कुमार तथा रामलाल कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
एसडीपीओ ने बताया कि शादी समारोह में बुलाने के बाद महिला को दूसरी जगह ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उन्होंने कहा कि पीड़िता के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया है, जो अत्यंत जघन्य अपराध है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




