Others

सदर अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब, मरीजों की बढ़ी परेशानी

तकनीकी खराबी के कारण शनिवार से बंद हुई सुविधा, बाजार में महंगा एक्सरे कराने को मजबूर मरीज

बक्सर: सदर अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब होने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। तकनीकी खराबी आने के कारण शनिवार से अस्पताल में एक्सरे सेवा पूरी तरह बंद हो गई है। इससे इलाज कराने आने वाले मरीजों को जांच के लिए निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल परिसर में मरीजों की सुविधा के लिए डिजिटल एक्सरे मशीन लगाई गई है, ताकि गरीब और दूर-दराज से आने वाले मरीजों को सस्ती व बेहतर जांच सुविधा मिल सके। लेकिन मशीन में खराबी आने के कारण फिलहाल यह सेवा बंद हो गई है। अस्पताल में एक्सरे नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जाता है कि सदर अस्पताल में प्रतिदिन जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 700 से 900 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें औसतन 60 से 80 मरीजों का प्रतिदिन एक्सरे किया जाता है। सेवा बंद होने से सबसे अधिक दिक्कत गरीब मरीजों को हो रही है, जिन्हें अब बाजार में महंगा डिजिटल एक्सरे कराना पड़ रहा है।

अस्पताल परिसर में एक्सरे सुविधा बंद होने की सूचना भी लगा दी गई है। मरीजों का कहना है कि मामूली तकनीकी खराबी के कारण लंबे समय तक सेवा बाधित रहने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ती है।

क्या कहते हैं अस्पताल प्रबंधक

सदर अस्पताल के प्रबंधक दुष्यंत कुमार ने बताया कि एक्सरे मशीन का केबल जल गया है। एजेंसी के माध्यम से इसे ठीक कराया जा रहा है। नया केबल मंगाया गया है और उसके आते ही मरीजों को फिर से एक्सरे की सुविधा मिलने लगेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!