BlogOthers

सीएम के आगमन से पहले बक्सर का सौंदर्यीकरण तेज, रंग-बिरंगी पेंटिंग बनी आकर्षण का केंद्र

शहर की दीवारों पर उकेरे जा रहे धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश, नहर कॉलोनी व गोलंबर पार्क की दीवारें बनीं आकर्षण का केंद्र

बक्सर। वामन द्वादशी के अवसर पर मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन को लेकर जिला प्रशासन और नगर परिषद की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शहर को सजाने-संवारने के साथ प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई, सड़क निर्माण व मरम्मत तथा सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है. शहर के विभिन्न हिस्सों में दीवारों को आकर्षक रंगों से सजाने के साथ धार्मिक, ऐतिहासिक, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश भी उकेरे जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है. वहीं, सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग के माध्यम से शहर की खूबसूरती बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है. इन पेंटिंग्स में बक्सर की स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत के साथ स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को प्रमुखता दी जा रही है.

नहर कॉलोनी और गोलंबर पार्क की दीवारें बनीं आकर्षण

सोन नहर के रास्ते में स्थित नहर कॉलोनी की दीवारों और गोलंबर पार्क की दीवारों पर बनाई जा रही आकर्षक चित्रकारी लोगों का ध्यान खींच रही है. रंग-बिरंगी कलाकृतियों और जागरूकता संदेशों से दीवारों का स्वरूप बदला हुआ नजर आ रहा है. इससे शहर के प्रमुख प्रवेश और आवागमन वाले मार्गों की सुंदरता में भी इजाफा हो रहा है.

दीवारों पर बनाई जा रही पेंटिंग में बक्सर की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को दर्शाने के साथ लोगों को स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने वाले संदेश भी शामिल किये जा रहे हैं. इस तरह सौंदर्यीकरण के साथ जनजागरूकता का संदेश देने का भी प्रयास किया जा रहा है.

कलाकारों की टीम जुटी है पेंटिंग कार्य में

दीवारों पर पेंटिंग कार्य की जिम्मेदारी नगर परिषद बक्सर की ओर से मोनालिसा प्रशिक्षण केंद्र के सचिव बिनोद सिंह को दी गयी है. उनके नेतृत्व में कलाकारों की टीम शहर की विभिन्न दीवारों को आकर्षक रूप देने में जुटी है. पेंटिंग कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखी जा रही है.

शहर को बेहतर स्वरूप देने का प्रयास : चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी

नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि नियमतुल्लाह फरीदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर परिषद की ओर से साफ-सफाई, सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है. शहर की प्रमुख दीवारों पर स्थानीय धार्मिक व ऐतिहासिक विरासत के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेशों को प्रदर्शित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वामन द्वादशी के अवसर पर बक्सर आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को शहर का बेहतर और स्वच्छ स्वरूप दिखे, इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.

वामन द्वादशी के मौके पर मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर में विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य लगातार जारी हैं. प्रशासन और नगर परिषद की ओर से तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए विभिन्न स्तरों पर काम किया जा रहा है.

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!