
बक्सर: नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद ने व्यापक स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है. इस अभियान के तहत शहर की बिगड़ी स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
नगर परिषद के प्रशिक्षित स्वच्छता साथियों के माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया गया है. ये साथी बाजारों के साथ-साथ डोर-टू-डोर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं.
बताया जाता है कि स्वच्छता के मामले में पिछड़े स्थान पर पहुंच चुके बक्सर को अग्रणी बनाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत स्वच्छता साथी घर-घर और दुकान-दुकान जाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं.
दुकानदारों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के महत्व के बारे में समझाया जा रहा है. साथ ही डस्टबिन के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है. दुकानदारों को अपनी दुकान के सामने डस्टबिन रखने और ग्राहकों को भी उसी में कचरा डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
अभियान के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक और थर्माकोल के उपयोग से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जा रही है. साथ ही सड़कों पर गंदगी नहीं फैलाने को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है.
दुकानदारों को सख्त हिदायत और विनम्र आग्रह किया गया है कि वे दुकान बंद करते समय कचरा सड़क पर न फेंकें, बल्कि निर्धारित कचरा वाहन को ही सौंपें.
यह पहल आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में बक्सर की रैंकिंग सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक और व्यवसायी की भागीदारी जरूरी है. “स्वच्छ बक्सर, सुंदर बक्सर” के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है.




