
बक्सर, राजपुर: थाना क्षेत्र के रसेन पंचायत अंतर्गत छितन डिहरा गांव के बधार में गुरुवार दोपहर एक बड़ी घटना सामने आई, जहां हार्वेस्टर मशीन से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। इस आग में करीब ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गेहूं की फसल पूरी तरह पक चुकी है और कटनी का कार्य तेज़ी से चल रहा है। छितन डिहरा बधार में भी हार्वेस्टर से कटाई की जा रही थी, तभी अचानक मशीन से निकली चिंगारी संतोष कुमार राय के खेत में जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी।
तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में फैलने लगी। आग की लपटें और धुआं देखकर किसानों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पास के समरसेबल पंप चालू कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की कड़ी मेहनत के बाद कई घंटों में आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ओड़वार गांव के किसान रामजी सिंह के खेत में लगी फसल भी जलकर राख हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार इस आगजनी में करीब 2.5 एकड़ खेत की गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है
घटना के बाद पूर्व मुखिया रामजी राय और अकबरपुर के मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह ने सरकार से पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।




