
बक्सर. विश्वामित्र सेना ने संगठन विस्तार अभियान को गति देते हुए जिले में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं. संगठन विस्तार पर्व के तहत पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बक्सर में भी लगातार बैठकें और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं.
बैठक में संगठन के विस्तार, बक्सर एवं बिहार के समग्र विकास, सामाजिक सहभागिता तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने कहा कि विश्वामित्र सेना समाज में सकारात्मक बदलाव, जनजागरण और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर निरंतर कार्य कर रही है.
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को गांव-गांव, पंचायत और नगर स्तर तक मजबूत बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए युवाओं, बुद्धिजीवियों और समाज के सभी वर्गों के लोगों से संगठन से जुड़ने की अपील की गयी.

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से ही सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सकता है. संगठन ने संकल्प लिया कि हर गांव, हर पंचायत और हर नगर तक पहुंच बनाकर सामाजिक जागरूकता अभियान को मजबूत किया जाएगा.




