बक्सर के आरपीएफ अधिकारी दिनेश चौधरी को राष्ट्रपति पुलिस पदक — 36 साल की ईमानदार सेवा का सम्मान


बक्सर। जिले के लिए गर्व का क्षण — बक्सर स्थित आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के उप निरीक्षक दिनेश चौधरी को राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त भारतीय पुलिस पदक (IPM) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें वलसाड (गुजरात) में आयोजित आरपीएफ रेजिंग डे 2025 समारोह में माननीय केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के हाथों प्रदान किया गया।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उनकी 36 वर्षों की बेदाग सेवा, अनुशासन, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया है। सम्मान प्राप्त कर लौटने पर उप निरीक्षक दिनेश चौधरी ने कहा कि यह पल उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है और वे आगे भी पूरी निष्ठा से देश सेवा करते रहेंगे।

सम्मान मिलने के उपरांत निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार, उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक उमेश राय सहित विभागीय अधिकारी, जवान एवं बक्सर के समाजसेवी गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।



