बक्सर में जयमाला के दौरान दुल्हन को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार

बक्सर जिले के चौसा बाजार में मंगलवार की रात एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जयमाला कार्यक्रम के बीच एक मनचले युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल दुल्हन का इलाज वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र की है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीनबंधु चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी शुभम आर्य ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को समाहरणालय, बक्सर के समीप से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि प्रेम प्रसंग के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और एक खोखा बरामद किया गया है। इस संबंध में मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 64/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दीनबंधु चौधरी (पिता- रामाशंकर चौधरी), निवासी चौसा, थाना मुफ्फसिल, जिला बक्सर का रहने वाला है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 384/20, धारा 30 (a) बिहार उत्पाद अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज है।
वाराणसी हायर सेंटर में चल रहा इलाज
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमनपुर से बारात चौसा आई थी। दूल्हा-दुल्हन जयमाला के लिए मंच पर मौजूद थे। इसी दौरान मुंह ढंके आरोपी ने मंच के पास पहुंचकर 18 वर्षीय आरती कुमारी को गोली मार दी। गोली पेट में लगते ही दुल्हन मंच पर गिर पड़ी और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल दुल्हन को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। फिलहाल वह वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर में जीवन और मौत से जूझ रही है।




