वीर कुंवर सिंह चौक पर सेवा कार्य: पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ओम यादव द्वारा 500 कंबल वितरण व भोजन प्रसाद का भव्य आयोजन


बक्सर। मानवीय संवेदनाओं और समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए बक्सर के विधानसभा पूर्व प्रत्याशी ओम यादव ने अपने दिवंगत पिता स्व. वासुदेव सिंह तथा माता जोहिया देवी की 6वीं पुण्यतिथि पर शुक्रवार को भव्य सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया।
वीर कुंवर सिंह चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंदों के बीच 500 कंबल वितरित किए गए, जिससे ठंड की शुरुआत में लोगों को बड़ी राहत मिली।

कंबल वितरण के साथ ही स्टेशन परिसर स्थित मंदिर के समीप सैकड़ों लोगों के लिए भोजन प्रसाद की भी व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों ने सम्मानपूर्वक भोजन ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही भीड़ उमड़ती रही और सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ओम यादव ने कहा—
“नेता नहीं, जनसेवक पहले हूं मैं। समाज सेवा मेरे लिए अवसर नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है।”
उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता ने हमेशा जरूरतमंदों की सहायता करने की सीख दी थी, और यही संस्कार उन्हें हर वर्ष सेवा कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित और सम्मानजनक रही।
अंत में ओम यादव ने कहा कि जो भी जरूरतमंद व्यक्ति किसी भी प्रकार की सहायता चाहते हैं, वे उनसे बेझिझक संपर्क कर सकते हैं। उनका उद्देश्य हमेशा समाज के कमजोर तबके की सेवा और सहायता करना है।



