बक्सर में एसिड अटैक! दो पक्षों के विवाद में 5 युवक झुलसे, पुलिस जांच में जुटी


बक्सर। नगर थाना क्षेत्र के सिविल लाइन मोहल्ले में मंगलवार की दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एसिड फेंककर हमला किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के पाँच युवक घायल हो गए। सभी पीड़ितों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
झुलसे युवकों की पहचान सिविल लाइन मोहल्ला निवासी बिट्टू रजक, माही वर्मा, आदित्य सिंह, राज चौहान और मुन्ना यादव के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व विवाद को लेकर यह घटना सामने आई है। फिलहाल जांच जारी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



