फाउंडेशन स्कूल का वार्षिक खेल महोत्सव : दूसरे दिन दिखा जोश, अनुशासन और खेल भावना


Popकार्यक्रम की मुख्य अतिथि चेयरमैन, बक्सर नगर परिषद श्रीमती कमरून निशा रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में श्री बबन सिंह, श्री श्रवण तिवारी (सचिव, रेड क्रॉस सोसाइटी), श्री प्रकाश पांडेय (समाजसेवी एवं सुधारक), श्री आयुष रंजन (प्रख्यात सॉफ्टवेयर इंजीनियर), गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य एवं विद्यालय के निदेशक श्री प्रदीप कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। इसके अलावा फाउंडेशन स्कूल के प्राचार्य श्री मनोज कुमार त्रिगुण तथा जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज के प्राचार्य डॉ. जे. आर. चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की परेड निरीक्षण, अनुशासित परेड एवं आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से हुआ, जिसमें छात्राओं ने भारतीय शास्त्रीय और पाश्चात्य नृत्य शैलियों के संगम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात कक्षा 6 एवं 7 के छात्रों द्वारा योग जागरूकता ड्रिल, कक्षा 8 के छात्रों द्वारा सूर्य नमस्कार, तथा कक्षा 8, 9 एवं 11 की छात्राओं द्वारा ड्रिल डांस प्रस्तुत किया गया। समापन कक्षा 6 एवं 7 की छात्राओं की फिटनेस अवेयरनेस ड्रिल से हुआ, जिसने स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इसके बाद विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, हर्डल रेस एवं रिले रेस शामिल रहीं। दिन का समापन सीनियर वर्ग के छात्रों की 800 मीटर दौड़ के साथ हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज के प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत किया गया।
अंतिम परिणाम में
टैगोर हाउस ने 271 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया,
विवेकानंद हाउस 186 अंकों के साथ उपविजेता रहा,
कलाम हाउस ने 149 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया,
जबकि सुभाष हाउस ने 148 अंकों के साथ उत्कृष्ट खेल भावना और टीमवर्क का परिचय दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का कार्य करता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की प्रत्येक गतिविधि का एक स्पष्ट लर्निंग ऑब्जेक्टिव होता है।
अभिभावकों ने भी विद्यालय के प्रयासों की सराहना की। अपने बच्चों को मैदान में संघर्ष करते, जीतते और हारते देख उनकी भावनाएं साफ झलक रही थीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर प्रधानाचार्य ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, कार्यालय एवं सहायक कर्मियों, कॉलेज के प्रोफेसरों तथा पटना ब्रांच के सदस्यों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।



