Others

बक्सर स्टेशन का गहन निरीक्षण, रेलयात्री कल्याण समिति ने उठाई यात्रियों से जुड़ी प्रमुख मांगें

बक्सर। निर्धारित कार्यक्रम के तहत रेलयात्री कल्याण समिति द्वारा बक्सर रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह के साथ बीजेंद्र यादव, वीरेंद्र ओझा, अनिल सिंह और मुक्तेश्वर ओझा शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान यात्रियों से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं का अवलोकन किया गया। समिति ने बक्सर स्टेशन पर संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, गुवाहाटी–बीकानेर एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, सुविधा एक्सप्रेस और अकालतख्त एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। वहीं, 75 साल पुराने जर्जर फुट ओवरब्रिज को हटाकर स्टेशन के पश्चिमी छोर पर नया फुट ओवरब्रिज बनाने की आवश्यकता बताई गई।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म संख्या 1 के पूर्वी व पश्चिमी दिशा में तथा प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर यात्री शेड निर्माण, स्टेशन परिसर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था, शौचालयों की बदहाल स्थिति में सुधार, नया पिट प्वाइंट निर्माण और सभी पैसेंजर ट्रेनों का नियमित व समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।

समिति ने टाटानगर–बक्सर एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में बदलाव तथा बरुना, टुड़ीगंज और बनाही स्टेशन पर ठहराव देने की भी मांग की। बक्सर स्टेशन से जुड़ी सभी समस्याओं को सूचीबद्ध कर स्टेशन प्रबंधक रजत सक्सेना के माध्यम से मंडल रेल प्रबंधक को सौंपा गया।

इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि विशेष निरीक्षण कार्यक्रम 14 दिसंबर को आरा स्टेशन के निरीक्षण के साथ संपन्न होगा। इसके बाद बैठक कर दानापुर रेल मंडल प्रबंधक कार्यालय के घेराव की रणनीति तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!