Others

बक्सर में लाउडस्पीकर के दुरुपयोग पर प्रशासन सख्त, 44 छोटे लाउडस्पीकर जब्त

बक्सर। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर के आदेश पर नगर परिषद बक्सर द्वारा एक विशेष टीम का गठन कर शहर में व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत बक्सर नगर क्षेत्र की सड़कों पर चलने वाले ठेले, सड़क किनारे लगे सब्जी विक्रेताओं, फल विक्रेताओं एवं अन्य दुकानों पर निर्बाध एवं अनियंत्रित रूप से बजाए जा रहे लाउडस्पीकरों के उपयोग पर रोक लगाई गई। कार्रवाई के दौरान कुल 44 छोटे लाउडस्पीकर जब्त किए गए।

बताया गया कि अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को सोशल मीडिया, व्हाट्सएप एवं अन्य माध्यमों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि नगर परिषद क्षेत्र में छोटे दुकानदारों द्वारा बड़े पैमाने पर लाउडस्पीकर का प्रयोग कर सामान की बिक्री की जा रही है। इससे सड़क किनारे रहने वाले लोगों एवं राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही ध्वनि प्रदूषण के कारण आम नागरिकों को काफी असहजता महसूस हो रही थी।

प्रशासन द्वारा पूर्व में दुकानदारों से लाउडस्पीकर के प्रयोग पर रोक लगाने का अनुरोध भी किया गया था, बावजूद इसके दुकानदारों द्वारा लाउडस्पीकरों का निर्बाध रूप से उपयोग जारी रखा गया।

विदित हो कि 8 जनवरी 2026 को अनुमंडल कार्यालय बक्सर में आयोजित शांति समिति की बैठक में सदस्यों के आह्वान पर अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर ने आश्वासन दिया था कि बिहार कंट्रोल एंड यूज ऑफ लाउडस्पीकर एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत लाउडस्पीकर का दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि शीघ्र कार्रवाई करते हुए शहर में छोटे लाउडस्पीकरों के प्रयोग पर रोक लगाई जाए एवं इसकी रिपोर्ट अनुमंडल कार्यालय को सौंपी जाए।

प्रशासन की इस कार्रवाई से आम लोगों ने राहत की सांस ली है और शहरवासियों ने ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नगर परिषद एवं अनुमंडल प्रशासन की पहल की सराहना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!