आईईएसएम बक्सर की मासिक बैठक में लेफ्टिनेंट संदीप मिश्रा सम्मानित, पूर्व सैनिकों ने दिखाया एकजुटता का दम


Koबक्सर। इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की मासिक बैठक चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय एवं जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 200 पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर केशोपुर ग्राम निवासी श्री संदीप मिश्रा को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। नौसेना में सिपाही पद से सेवा प्रारम्भ कर कड़ी मेहनत और लगन के बल पर लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन प्राप्त करने पर उन्हें अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। मेजर पी.के. पाण्डेय सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट मिश्रा ने कहा, “गरीबी में जन्म लेना गलत नहीं, गरीबी में जीना गलत है। जज़्बा और जुनून हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।” उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाने और उन्हें समय देने की अपील की।
कार्यक्रम में राजपुर ग्राम निवासी लेफ्टिनेंट जनार्दन पाण्डेय के पुत्र के न्यूरोलॉजिस्ट बनने पर सैनिकों को नाश्ता कराया गया। उन्हें भी अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। नायब सूबेदार श्रीकांत यादव ने एरियर मिलने पर संगठन विकास हेतु 5,000 रुपये का योगदान दिया, वहीं नायब सूबेदार अमरेंद्र मिश्रा ने संगठन को 10 कुर्सियां भेंट कीं—दोनों को सम्मानित किया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने सैनिकों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा सैनिक स्कूल का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है, नामांकन प्रारम्भ हो चुका है और पढ़ाई वर्ष 2027 से शुरू होगी। स्कूल बैगलेस होगा, सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी तथा प्रवेश परीक्षा के आधार पर 25 प्रतिशत छात्रों को निःशुल्क शिक्षा दी जाएगी।
जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने जानकारी दी कि पीसीडीए अधिकारी मनोज कुमार सिंह एवं लेफ्टिनेंट कामेश्वर पाण्डेय ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं सीजीडीए विश्वजीत सिंह से भेंट कर बक्सर में सैनिक सम्मान समारोह हेतु आमंत्रण दिया है, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। यह सुनते ही सभागार तालियों से गूंज उठा।
महासचिव कैप्टन श्रीनिवास सिंह ने प्रत्येक सैनिक से पांच नए सैनिक जोड़ने और साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा ने सभी से अपने दस्तावेजों का मिलान कर आवश्यक सुधार शीघ्र कराने का आग्रह किया।

डुमरांव अनुमंडल के कसिया ग्राम निवासी नायब सूबेदार द्वारिका प्रसाद के स्वर्गवास पर दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में 10 नए सैनिकों ने आईईएसएम बक्सर की सदस्यता ग्रहण की। अंत में राष्ट्रगान के साथ सभापति कैप्टन बी.एन. पाण्डेय ने बैठक की समाप्ति की घोषणा की।
बैठक में कार्यकारिणी चेयरमैन कैप्टन संजय पाठक, उपसभापति सूबेदार मेजर द्वारिका पाण्डेय, पूर्व चेयरमैन सूबेदार अलख नारायण श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, वीरांगनाएं और सैकड़ों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।




