IESM बक्सर के आग्रह पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बक्सर आने का दिया आश्वासन
पूर्व सैनिकों में खुशी की लहर, सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू


बक्सर। बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमेन मूवमेंट (IESM) बक्सर के आग्रह पर देश के रक्षा मंत्री माननीय राजनाथ सिंह ने बक्सर आने का आश्वासन दिया है। यह जानकारी IESM बक्सर के चेयरमैन एवं मुंडेश्वरी अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने दी।
डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा सैनिकों के हित में किए गए सराहनीय कार्य—जैसे ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना के पराक्रम को विश्व पटल पर स्थापित करना, सैनिकों के वेतन संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु स्पर्श केंद्र की स्थापना, तथा सीमा पर जाकर जवानों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाना—इन सभी कार्यों से प्रभावित होकर बक्सर जिले के सैनिकों की ओर से उन्हें सम्मान समारोह में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
इस संबंध में पीसीडीए अधिकारी श्री मनोज सिंह एवं लेफ्टिनेंट कामेश्वर पाण्डेय ने स्वयं रक्षा मंत्री से मुलाकात कर उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा, जिस पर रक्षा मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बक्सर आने का न्योता स्वीकार किया।
रक्षा मंत्री के बक्सर आगमन की खबर मिलते ही जिले के लगभग 10 हजार पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। यह सूचना पूरे जिले में सुनामी की तरह फैल गई और सैनिकों में उत्साह का माहौल बन गया। न केवल बक्सर, बल्कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश और राज्य स्तर के सैनिक संगठन भी इस कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं।
हालांकि रक्षा मंत्री के आगमन की तिथि और समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन सभी सैनिक बेसब्री से उस दिन का इंतजार कर रहे हैं। इस अवसर पर सभी पूर्व सैनिकों ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार प्रकट किया है।



