बक्सर हेरिटेज स्कूल में दिलीप पाठक मेमोरियल स्पोर्ट्स मीट का भव्य समापन, खिलाड़ियों के उत्साह ने बढ़ाया आयोजन का गौरव


बक्सर। हेरिटेज स्कूल, अर्जुनपुर के प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय “दिलीप पाठक मेमोरियल स्पोर्ट्स मीट” का तीसरे एवं अंतिम दिन भव्य, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक, निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक, प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी एवं वरिष्ठ शिक्षक डॉ. श्रीनिवास चतुर्वेदी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी सम्मानित अतिथियों को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में तीसरे एवं अंतिम दिन की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के अंतर्गत कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बॉयज जैवलिन थ्रो, शॉटपुट सहित कई टीम एवं व्यक्तिगत खेलों का आयोजन किया गया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में दूसरे दिन के विजेता प्रतिभागियों एवं तीसरे दिन के चयनित खिलाड़ियों को सम्माननीय अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों की ऊर्जा, अनुशासन और खेल भावना ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में विद्यालय के सभी शिक्षकों के साथ-साथ विशेष रूप से फिजिकल टीचर जय कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके साथ तकनीकी सहयोगी के रूप में शीतल कुमारी, सानिया एवं नमो मिश्रा का अमूल्य योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन द्वारा खेल जगत से जुड़े वरिष्ठ एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को भी अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर एसडीएम अविनाश कुमार, महिला थाना की थानाध्यक्ष प्रतिभा कुमारी एवं अवर निरीक्षिका कंचन कुमारी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को सम्मानित करते हुए स्व-सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, सदाचार एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इसके अलावा शिक्षा जगत से जुड़े अनेक विशिष्ट अतिथियों में सिल्वर बेल्स स्कूल के निदेशक प्रदीप ओझा, बक्सर पब्लिक स्कूल के निदेशक निर्मल कुमार सिंह, बाल विकास केंद्र के निदेशक सतीश चंद्र त्रिपाठी, बिहार सेंट्रल स्कूल के निदेशक सरोज सिंह, मिलेनियम पब्लिक स्कूल के निदेशक भारत प्रसाद सहित कई गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और विद्यार्थियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम कुमार पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करता है। हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना को अपनाने से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। वहीं निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार पाठक ने बच्चों को निरंतर प्रयास, लक्ष्य निर्धारण और साहस के साथ चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल न केवल आत्मविश्वास बढ़ाता है, बल्कि कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है।
प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेल का संतुलन बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास प्रदान करती हैं।

अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। हेरिटेज स्कूल का यह वार्षिक खेलकूद समारोह विद्यार्थियों के लिए न केवल मनोरंजक बल्कि प्रेरणादायक भी साबित हुआ।



