वीर कुंवर सिंह गंगा चेकपोस्ट पर फर्जी दरोगा बनकर शराब तस्करी, महिला सहयोगी संग गिरफ्तार

बक्सर। वीर कुंवर सिंह गंगा चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की पुलिस ने एक शातिर शराब तस्कर को उसकी महिला सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार को भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार तस्कर पूर्व में भी पटना और आरा में फर्जी दरोगा बनकर शराब की तस्करी करते हुए पकड़ा जा चुका है। इस बार भी वह खुद को दरोगा बताते हुए बड़े अधिकारियों से बात कराने की धमकी दे रहा था।
उत्पाद निरीक्षक कुंदन कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार की शाम वीर कुंवर सिंह गंगा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में कार से 31.320 लीटर शराब बरामद की गई, जिसके बाद कार सवार दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार शराब तस्कर की पहचान सारण जिले के निवासी रवि किशन के रूप में हुई है, जबकि उसकी महिला सहयोगी पटना की रहने वाली अमरीता कुमारी बताई जा रही है। उत्पाद विभाग दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाने में लगा है।




