Crime

नाथ बाबा मंदिर परिसर से मलयागिरी चंदन के कीमती पेड़ों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बक्सर। शहर के बीचो-बीच स्थित नाथ बाबा मंदिर परिसर से मलयागिरी चंदन के कीमती पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। यह वारदात बीती रात करीब दो बजे के आसपास अंजाम दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस घटना ने मंदिर परिसर के साथ-साथ शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


मंदिर परिसर में रहने वाले लोगों के अनुसार, चोरी की इस वारदात को 7 से 8 की संख्या में आए चोरों ने अंजाम दिया। चोर पूरी तैयारी और सटीक योजना के साथ मंदिर परिसर में दाखिल हुए थे। उन्होंने प्रवेश और निकासी के लिए एसडीएम आवास के पीछे स्थित रास्ते का इस्तेमाल किया और अपने साथ सीढ़ी, रस्सी एवं स्वचालित आरी लेकर आए थे।


जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्वचालित आरी की मदद से मलयागिरी चंदन के पेड़ों को काटा। एक पूरा चंदन का पेड़ काटकर अपने साथ ले गए, जबकि दूसरे पेड़ का आधा हिस्सा काटकर चोरी कर लिया गया। भारी-भरकम पेड़ को सीढ़ी लगाकर और रस्सी के सहारे खींचते हुए एसडीएम आवास के पीछे वाले रास्ते से बाहर निकाल लिया गया। पूरी वारदात को बेहद शातिराना तरीके से अंजाम दिया गया।

गौरतलब है कि बक्सर शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, इसके बावजूद चोर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए, जिससे कैमरों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
नगर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!