भाकपा माले ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन, मोदी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप


बक्सर।
भाकपा माले कमिटी ने पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए रविवार को नगर के ज्योति प्रकाश चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह आंदोलन देशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने भाग लिया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण देशभर में पर्यावरण संकट गहराता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा अरावली पर्वतमाला से जुड़े मामले में आए फैसले के बाद पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर देशभर में बहस तेज हो गई है। इसी कड़ी में बक्सर में भी पर्यावरण से जुड़े स्थानीय सवालों, विशेषकर सोन नदी को बचाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया।
आंदोलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भले ही देशव्यापी विरोध के दबाव में केंद्र सरकार को अरावली के सवाल पर पीछे हटना पड़ा हो, लेकिन पर्यावरण पर हो रहे हमले अब भी जारी हैं। ऐसे में पर्यावरण की रक्षा के लिए जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में इटाढ़ी प्रखंड के पार्टी सचिव जगनारायण शर्मा, बक्सर नगर सचिव ओम जी, आरवाईए जिला संयोजक राजदेव सिंह, नासिर, आइसा नगर सचिव अंकित सिद्धार्थ, ऐपवा (AIPWA) की संध्या पाल, जिला कमिटी सदस्य जितेंद्र राम, राजाराम जी, माले नेता धर्मेंद्र यादव, अजय पांडेय, अनूप शर्मा और पवन भारती सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। इसके अलावा आइसा (AISA), आरवाईए (RYA) और ऐपवा (AIPWA) के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पर्यावरण आंदोलन से जुड़े लोग और आम जनता भी बड़ी संख्या में शामिल हुई।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और सरकार की जनविरोधी व पर्यावरण विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर आवाज बुलंद की जाती रहेगी।



