शिक्षा विभाग की मासिक ई-पत्रिका ‘बोधिका’ के प्रवेशांक का हुआ विमोचन, बक्सर की पहली डिजिटल शैक्षिक पत्रिका


बक्सर। जिला पदाधिकारी सभागार में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा शिक्षा विभाग की मासिक ई-पत्रिका ‘बोधिका’ के प्रवेशांक का संयुक्त रूप से विमोचन किया गया। विमोचन कार्यक्रम जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री अरुण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री संदीप रंजन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (EE&SSA) श्री चन्दन कुमार द्विवेदी तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) श्री रजनीश उपाध्याय मौजूद रहे।
विमोचन के दौरान जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने कहा कि ई-पत्रिका ‘बोधिका’ ज्ञान, अनुभव और सूचना के आदान-प्रदान का एक आधुनिक एवं प्रभावी माध्यम है। डिजिटल युग में ऐसी पहल शिक्षा को नई दिशा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों को नवाचार से जोड़ने का कार्य करेगी।

जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री संदीप रंजन ने कहा कि पत्रिका का संपादन एक रचनात्मक एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्य है। ‘बोधिका’ जिले के विद्यालयों में हो रही शैक्षिक गतिविधियों का सजीव प्रतिबिंब है, जो शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को और समृद्ध बनाएगा।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (EE&SSA) श्री चन्दन कुमार द्विवेदी ने बताया कि बिहार शिक्षा परियोजना, बक्सर के तत्वावधान में प्रकाशित ‘बोधिका’ जनवरी 2026 में प्रकाशित हुई है और यह बक्सर जिले की पहली डिजिटल शैक्षिक ई-पत्रिका है। इसका उद्देश्य शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर ज्ञान, नवाचार और संस्कार से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि ‘बोधिका’ विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शैक्षिक प्रशासकों को एक साझा मंच प्रदान करती है, जहाँ वे अपने अनुभव, विचार और नवाचारी प्रयासों को साझा कर सकते हैं। प्रवेशांक में जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी के प्रेरणादायी संदेश, संपादकीय लेख सहित “शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में टीएलएम की भूमिका”, “विद्यालय स्तर पर शारीरिक शिक्षा का महत्व”, योग स्तंभ “करें योग, रहें निरोग”, विज्ञान प्रदर्शनी-2025, “सिविक सेंस”, “सतरंगी दुनिया के अनोखे रंग”, “एक दुनिया यह भी : केस स्टडी”, “इम्तहान की दस्तक”, “सृजन के पंख”, “विहंगम” तथा विशेष स्तंभ “मैं बक्सर हूँ” जैसे कई प्रेरक और उपयोगी विषय शामिल किए गए हैं।
तकनीकी दृष्टि से यह ई-पत्रिका QR-कोड आधारित सरल पहुँच, इंडेक्स-लिंक्ड कंटेंट और यूज़र-फ्रेंडली नेविगेशन से युक्त है। आकर्षक ग्राफिक्स एवं विद्यालयीय गतिविधियों की वास्तविक तस्वीरों के माध्यम से पाठकों को सहज एवं रोचक डिजिटल पठन-अनुभव प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में पत्रिका के संपादन मंडल से जुड़े डॉ. नवनीत कुमार सिंह, सुरेन्द्र प्रसाद सिंह, रामभजन राम, विमल कुमार सिंह, मो. इमाम अली अंसारी, डॉ. मृत्युंजय राय, सुगंधा कुमारी, मोनिका कुमारी, विकास कुमार, सुभाष चौहान, राजेश कुमार राय, रवि शंकर गुप्ता, रवि प्रकाश, अजय कुमार सहित अन्य शिक्षक-कर्मी उपस्थित रहे।



