बक्सर को नशा मुक्त बनाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई, ओम मेडिकल हॉल सील, प्रतिबंधित दवाएं जब्त

बक्सर। नगर को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार की संध्या सिविल लाइंस स्थित ओम मेडिकल हॉल पर प्रशासनिक टीम द्वारा संयुक्त छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक व प्रतिबंधित नशीली दवाएं मिलने के बाद मेडिकल हॉल के पूरे भवन को सील कर दिया गया।

यह कार्रवाई बक्सर एसडीएम अविनाश कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर अजय कुमार रशिक तथा पुलिस बल मौजूद रहा। जांच के दौरान मेडिकल हॉल में नारकोटिक्स एवं साइकॉट्रॉपिक सब्सटेंस कंटेनिंग औषधियां पाई गईं, जिन्हें विधिवत प्रपत्र-16 के तहत जब्त किया गया।
मेडिकल हॉल के पूरे परिसर को सील किए जाने से वहां संचालित दो डॉक्टरों के क्लिनिक भी प्रभावित हुए हैं। इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री करने वाले मेडिकल दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
ड्रग इंस्पेक्टर अजय कुमार रशिक द्वारा दवाओं की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले थाना रोड स्थित ओम साईं मेडिकल हॉल पर भी कार्रवाई की जा चुकी है, जहां प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई थीं। जब्त दवाओं के संबंध में संबंधित दुकानदारों से कारण पूछा गया है, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि बक्सर अनुमंडल को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह का अभियान अब नियमित रूप से चलाया जाएगा। विशेष रूप से युवाओं को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक विशेष टीम का भी गठन किया जाएगा।
जिला प्रशासन की इस सख्त पहल को नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है




