दुष्कर्म आरोपियों की गिरफ्तारी व फांसी की मांग को लेकर एनएच-319 जाम, एसपी के आश्वासन पर पांच घंटे बाद हटा जाम


Buxar नावानगर थाना क्षेत्र के कडसर गांव में छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को महुअरी के पास एनएच-319 को जाम कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने फरार दो आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सभी आरोपियों को फांसी की सजा, पीड़ित परिवार को सुरक्षा तथा छात्रा को मुआवजा देने सहित कई मांगें रखीं।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक राहुल सिंह, एसडीपीओ पोलस्त कुमार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी एसपी बक्सर को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एसपी शुभम आर्य मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि फरार दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसपी के आश्वासन के बाद करीब पांच घंटे बाद जाम हटाया गया। एसपी ने सोनवर्षा थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि स्कूल समय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। यह जाम सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों के साथ पूर्व विधायक अजित कुशवाहा, नावानगर प्रमुख अंकित कुमार, नावानगर पूर्वी जिला परिषद सदस्य राजू यादव, केसठ मुखिया अरविंद यादव, राजद नेता सतेंद्र सिंह, मणिया पैक्स अध्यक्ष नीरज सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहें।
जाम समाप्त होने के बाद एसपी बक्सर ने कडसर गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके पश्चात सोनवर्षा थाना पहुंचकर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम के गठन का निर्देश दिया।



