भोजपुर विभाग आचार्य सम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन, तीन सौ से अधिक आचार्य और दीदी जी मौजूद


बक्सर:विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के तहत संचालित भारती शिक्षा समिति एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति बिहार के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय भोजपुर विभाग आचार्य सम्मेलन 2026 का आयोजन शनिवार से सरस्वती विद्या मंदिर, अहिरौली में शुरू हुआ। यह सम्मेलन दो फरवरी तक चलेगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सम्मेलन की अध्यक्षता समाजसेवी सतीश चंद्र त्रिपाठी ने की, जबकि आभार ज्ञापन विद्यालय के सचिव डॉ. हनुमान प्रसाद अग्रवाल ने प्रस्तुत किया।

संचालन बांका के विभाग निरीक्षक ब्रह्मदेव प्रसाद ने किया और अतिथियों का स्वागत व परिचय उप प्रधानाचार्य मनोरंजन कुमार ने कराया। अतिथियों को सम्मान स्वरूप अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन की प्रस्तावना विभाग प्रमुख लाल बाबू प्रसाद यादव ने प्रस्तुत की।
मुख्य अतिथि प्रदीप कुमार कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा के अनुसार शिक्षण का कार्य करना है और पंच प्राण के तहत बच्चों के माध्यम से समाज का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने आदर्श आचार्य की संकल्पना और आदर्श शिक्षण पद्धति के माध्यम से बच्चों को नवीन विषय सिखाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
सम्मेलन में भोजपुर और बक्सर जिले के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिरों एवं विद्या मंदिरों से लगभग तीन सौ से अधिक आचार्य व दीदी जी भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर विगत सत्र के कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी सत्र के कार्यक्रमों पर चिंतन मंथन किया जाएगा। सम्मेलन में बालक विकास, आचार्य विकास, विद्यालय विकास और अभिभावक विकास पर विशेष चर्चा की जाएगी।

मौके पर भोला केसरी, उमाशंकर पोद्दार, सतीश कुमार सिंह, धरनी कांत पांडेय, परमेश्वर कुमार, गंगा चौधरी, संजीव कुमार, शैलेन्द्र सिंह, प्रमोद कुमार, मनोज पांडेय, जैनेंद्र कुमार, विकास दूबे, नरेन्द्र कुमार, अजीत दुबे, सुलेखा देवी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



