भागलपुर–अजमेर एक्सप्रेस में चेनपुलिंग कर चोरी, आरपीएफ ने तीन चोरों को किया गिरफ्तार


बक्सर।पटना–पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेलखंड पर गुरुवार की रात करीब एक बजे भागलपुर–अजमेर एक्सप्रेस को पवनी–कमरपुर के बीच चेनपुलिंग कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद ट्रेन करीब आधे घंटे तक मौके पर खड़ी रही। ट्रेन के निर्धारित समय पर आगे नहीं बढ़ने पर यात्रियों ने इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद एक चोर को ट्रेन से ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसके दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए बक्सर में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। छापेमारी शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे तक चली, जिसमें घटना में शामिल दो अन्य चोरों को भी आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार चोरों के पास से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन, दो लेडीज पर्स और चांदी का एक बाला बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन कुमार (पिता स्व. चंद्रेश्वर राय), निवास कुमार (पिता बहादुर सिंह) और बुद्धन कुमार (पिता कृष्णा राय) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी पटना जिले के अठमलगोला थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
आरपीएफ इंस्पेक्टर कुंदन कुमार ने बताया कि भागलपुर–अजमेर एक्सप्रेस में चेनपुलिंग कर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर विजेंद्र मुवाल समेत अन्य आरपीएफ जवान भी मौजूद रहे।



