रामरेखाघाट पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, नगर परिषद की सख्त कार्रवाई से मचा हड़कंप


बक्सर।नगर परिषद बक्सर द्वारा नगर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को नगर परिषद की टीम ने ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले रामरेखाघाट पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान रामरेखाघाट के मुख्य गेट से लेकर गंगा घाट तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए दुकानों को शांतिपूर्ण तरीके से हटवाया गया। सड़क पर दुकान फैलाकर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर परिषद कर्मी जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचे, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

नगर परिषद की ओर से दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि स्टील पाइप से चिन्हित फुटपाथ सीमा के भीतर ही दुकान लगाई जाए, सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि सड़क पर दुकान लगाई गई तो सामान जब्त करने के साथ-साथ आर्थिक जुर्माना भी वसूला जाएगा।
गौरतलब है कि अतिक्रमण के कारण लगभग 40 फीट से अधिक चौड़ी रामरेखाघाट सड़क संकरी हो गई थी, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। अतिक्रमण हटने के बाद सड़क पहले की तरह चौड़ी और सुगम नजर आने लगी है।
इस संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक ने बताया कि नगर क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नगर परिषद की इस कार्रवाई से आम लोगों ने राहत की सांस ली है और शहर को व्यवस्थित बनाने की दिशा में इसे एक अहम कदम बताया जा रहा है।



