रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वर नाथ मंदिर के विकास को लेकर बैठक


बक्सर।रामरेखा घाट, बक्सर स्थित प्राचीन श्री रामेश्वर नाथ मंदिर के विकास को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर के कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी ने की, जिसमें मंदिर समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान श्री रामेश्वर नाथ मंदिर के समग्र विकास को लेकर विस्तृत एवं बिंदुवार चर्चा की गई। मंदिर समिति के गणमान्य सदस्यों ने बताया कि किस प्रकार बीते 15 से 20 वर्षों में मंदिर का चरणबद्ध विकास हुआ और आज यह अपने वर्तमान स्वरूप में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने मंदिर समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही नई मंदिर कमेटी का गठन कर लिया जाएगा तथा मंदिर के विकास से संबंधित कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में श्री रामेश्वर नाथ मंदिर को रामायण सर्किट और बुद्ध सर्किट से जोड़ने की संभावनाओं पर भी गहन समीक्षा की गई। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि रामरेखा घाट के समग्र विकास को लेकर केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार के स्तर पर बड़ी एवं महत्वाकांक्षी योजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनका लाभ भविष्य में मंदिर और क्षेत्र के विकास को मिलेगा।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने मंदिर के विकास को लेकर सकारात्मक पहल के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया और सहयोग का भरोसा दिलाया।



