बक्सर रेलवे स्टेशन पर मोबाइल झपटमार गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

बक्सर। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेल पुलिस (GRP) की संयुक्त टीम ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस को यह सफलता ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत की गई कार्रवाई में मिली। इस दौरान गिरोह के तीन शातिर अपराधियों समेत चोरी के मोबाइल खरीदने वाले एक दुकानदार को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शहर के गजाधरगंज निवासी अलाउद्दीन अंसारी का पुत्र सुहेल अंसारी, लुकमान खान का पुत्र सुहेल खान, जिले के कोरानसराय निवासी राम प्रवेश सिंह का पुत्र धर्मेंद्र कुमार तथा इनसे चोरी का मोबाइल खरीदने वाला गजाधरगंज का मोहम्मद नासिर शामिल है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के चार कीमती मोबाइल, 200 रुपये नकद, एक लेडीज पर्स तथा एक ब्लेड बरामद कर जब्त किया है।
बताया जाता है कि ट्रेन संख्या 22362 अमृत भारत एक्सप्रेस बक्सर स्टेशन पर खड़ी थी। उसी दौरान एक झपट्टा मार अपराधी ने खिड़की के पास बैठी एक महिला यात्री का मोबाइल झपटकर भागने की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही आरपीएफ टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गजाधरगंज निवासी सुहेल अंसारी के रूप में हुई।
निशानदेही पर हुई छापेमारी
कड़ाई से पूछताछ में सुहेल अंसारी ने अपने गिरोह के अन्य साथियों के नाम बताए। उसकी निशानदेही पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने स्टेशन परिसर में छापेमारी कर गजाधरगंज निवासी सुहेल खान और कोरानसराय के धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी कर मोबाइल फोन गजाधरगंज स्थित मोहम्मद नासिर की मोबाइल दुकान पर बेच देते थे।
इसके बाद पुलिस ने गजाधरगंज स्थित नासिर की दुकान पर छापेमारी कर दो महंगे चोरी के मोबाइल बरामद किए और दुकानदार मोहम्मद नासिर को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरा मंडल कारा में हुई थी मुलाकात
आरपीएफ बक्सर पोस्ट के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार और जीआरपी प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सभी मिलकर ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल और कीमती सामान चोरी करते थे। इनकी मुलाकात पहले मंडल कारा आरा में हुई थी, जहां वे इसी तरह के अपराध में बंद थे। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि बरामद सामान भी ट्रेनों में महिला यात्रियों के बैग को ब्लेड से काटकर चोरी किया गया था। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी बृजेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार तथा जीआरपी के हवलदार राजेंद्र मिश्र सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




