बक्सर में होटल व मैरेज हॉल में अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल, लोगों को किया गया जागरूक

बक्सर: अग्निशमन विभाग द्वारा अग्निप्रवण काल को देखते हुए शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट व मैरेज हॉल में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव के निर्देश पर संचालित किया गया।
इस दौरान अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, सब ऑफिसर बुन्नी शाह तथा अन्य अग्निशमन कर्मियों की टीम ने कई प्रतिष्ठानों में पहुंचकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया और आग से बचाव के तरीके बताए।
अभियान के तहत फूड लाउंज गोलंबर, श्री साईं मैरेज हॉल, फोर सीजन मैरेज हॉल (अहिरौली मेन रोड), कुसुम पैलेस (अहिरौली मेन रोड), ददन मटन हांडी होटल (अहिरौली मेन रोड), मल्लू यादव होटल (अहिरौली), द हंगर ट्रेन (मटिया मोहल्ला, सिविल लाइन बक्सर), फूड फ्रेश रेस्टोरेंट सहित अन्य मैरेज हॉल और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित मॉक ड्रिल कराई गई।
अग्निशमन टीम ने होटल व मैरेज हॉल संचालकों तथा कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव और नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी। साथ ही अग्निकांड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें। अभियान का उद्देश्य आम लोगों में आग से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाना बताया गया।




