
बक्सर के बांगाली टोला में एक्साटो टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड (नोएडा-दिल्ली) की सामाजिक पहल एक्साटो फाउंडेशन का विधिवत उद्घाटन संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्थानीय गणमान्य नागरिकों, समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों और कंपनी के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत फाउंडेशन के सलाहकार श्री शिव कुमार सिन्हा (भैयाजी) द्वारा बच्चों को पुरस्कार वितरण के साथ की गई। इस दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा और प्रतिभागियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
फाउंडेशन के तहत पहले चरण में 11 छात्रों का चयन किया गया है, जिन्हें आईटी (IT) क्षेत्र में प्रमाणन के साथ कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, 5 आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं को सिलाई एवं कढ़ाई का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड भी दिया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सकें।
इस मौके पर एक्साटो टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं चेयरमैन तथा फाउंडेशन के ट्रस्टी श्री अपूर्व के. सिन्हा ने कहा कि उनका बक्सर से गहरा जुड़ाव रहा है और उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा यहीं के बी.बी. हाई स्कूल से प्राप्त की है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य समाज को कुछ लौटाना है और स्थानीय युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि एक्साटो टेक्नोलॉजीज़ एक बीएसई सूचीबद्ध कंपनी है, जिसका मुख्यालय नोएडा में है और इसके कार्यालय देश-विदेश के कई प्रमुख शहरों में संचालित हैं।
कार्यक्रम में टेक हेड श्री रितेश रंजन ने चयनित छात्रों का परिचय कराया, जबकि ऑपरेशंस हेड श्री मनोज शर्मा और श्री सौरभ पांडेय ने फाउंडेशन के उद्देश्य और संचालन पर विस्तार से जानकारी दी।




