
बक्सर: जिले के बगेन गोला थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। सामाजिक बंधनों को चुनौती देते हुए बगेन गोला निवासी संध्या देवी और रूबी कुमारी ने 4 अप्रैल को एक-दूसरे से विवाह कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, संध्या देवी की शादी वर्ष 2010 में अतवारु यादव से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—एक 12 वर्षीय बेटी और 10 वर्षीय बेटा। बताया जाता है कि उनके पति बाहर रहकर निजी नौकरी करते हैं। वहीं रूबी कुमारी, जिनके पिता का नाम मनोज शाह बताया जा रहा है, अभी अविवाहित थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों से दोनों साथ में वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। इसके बाद दोनों ने अष्टभुजी मंदिर विंध्याचल जाकर विधि-विधान से विवाह कर लिया।
शादी के बाद दोनों बक्सर लौटीं और रामेश्वर नाथ मंदिर में भी पूजा-अर्चना करते हुए एक-दूसरे को माला पहनाकर विवाह की रस्म निभाई।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम की नई मिसाल बता रहे हैं, तो कुछ इसे सामाजिक परंपराओं के खिलाफ कदम मान रहे हैं। फिलहाल यह “अजब प्रेम की गजब कहानी” बक्सर सहित आसपास के इलाकों में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।




