कुशवाहा महासभा की बड़ी मांग! सम्राट चौधरी को बनाया जाए बिहार का मुख्यमंत्री

बक्सर: अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा ने बिहार की राजनीति में बड़ा बयान देते हुए सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उठाई है। रविवार को जिला मुख्यालय स्थित पिपली बुद्ध मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान महासभा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने यह मांग रखी।
प्रेस वार्ता से पूर्व मंदिर परिसर में कैंडल जलाकर पूजा-अर्चना की गई, जिसके बाद संगठन की ओर से यह प्रस्ताव सार्वजनिक किया गया।
जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने कहा कि जिस प्रकार सम्राट अशोक ने मगध से पूरे विश्व को शांति, विकास और कुशल नेतृत्व का संदेश दिया था, उसी तरह सम्राट चौधरी भी बिना किसी जातीय भेदभाव के बिहार के समग्र विकास को नई दिशा दे सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सम्राट चौधरी को राज्य का नेतृत्व मिलता है, तो वे नई सोच और योजनाओं के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। साथ ही यह भी जोड़ा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में अगर उन्हें मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिलता है, तो बिहार के विकास को नई गति मिलेगी और युवाओं के लिए बेहतर संभावनाएं तैयार होंगी।
महासभा की ओर से जिलाध्यक्ष ने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के साथ उन्हें बधाई भी दी।
इस मौके पर पिपली मंदिर के भंते जी सहित महासभा के लक्ष्मण कुशवाहा एवं विनोद भारती समेत कई लोग मौजूद रहे।




